नई टिहरी में बंद कार में ठेकेदार का शब मिलने से मचा हड़कंप।


बौराड़ी क्षेत्र के 9 बी में एक व्यक्ति कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। घटना का पता चलने पर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ करने के बाद शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। इस मामले में पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। 
बौराड़ी 9बी में कार के अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला। शुक्रवार सुबह इस घटना का पता तब चला जब वाहन स्वामी सड़क पर खड़ी कार देखने गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही लोग घटनास्थल जमा हो गए, जिससे वहां काफी भीड़ हो गई। इस बीच कार स्वामी ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि कार में मृत मिले व्यक्ति की शिनाख्त ठेकेदार मुकेश भंडारी (48) पुत्र प्रेम सिंह भंडारी निवासी ग्राम पड़िया पथियांणा प्रतापनगर, हाल निवासी 5-बी बौराड़ी नई टिहरी के रूप में हुई है। कोतवाल ने बताया कि जांच-पड़ताल में पता चला है, कि 29 जनवरी की शाम को मुकेश भंडारी अपने साथी ठेकेदार रमेश पंवार की कार में साथ था। रात को रमेश अपने घर चला गया। जबकि मुकेश उसकी कार में ही रुक गया था। सुबह आकर देखा तो कार में मृत अवस्था में मिले मुकेश के मुंह और नाक से खून निकल रहा था। कोतवाल ने बताया कि मृतक शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले। जिससे किसी आपराधिक घटना की संभावना प्रतीत नहीं हो रही है। बताया गया कि मुकेश की पत्नी उषा देवी चोटिल होने के कारण देहरादून अस्पताल में भर्ती थी, उन्हें घटना की सूचना दी गई है। जबकि यहां उसके साथ उसकी 12 साल की बेटी रह रही थी। कोतवाल ने कहा कि इस मामले में कोई तहरीर मिलती है तो जांच की जाएगी।


Comments