PM SHRI Scheme, Inter-state educational tour: टिहरी के पीएम श्री माध्यमिक विद्यालयों के छात्र छात्राएं करेंगे हैदराबाद का शैक्षिक भ्रमण- डीएम, सीडीओ और मुख्य शिक्षा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
जनपद टिहरी गढ़वाल के पीएम श्री विद्यालयों मैं अध्यनरत माध्यमिक कक्षाओं के टॉपर विद्यार्थियों को अंतरराज्यीय शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल और मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर हैदराबाद के लिए रवाना किया है। 59 छात्र-छात्राओं की यह टीम 9 फरवरी तक हैदराबाद के प्रमुख स्थानों का भ्रमण करेगी।
पीएम श्री (PM SHRI) योजना के अंतर्गत आयोजित अंतरराज्यीय शैक्षिक भ्रमण छात्रों को कक्षा कक्ष की चारदीवारी से परे वास्तविक दुनिया का अनुभव देने वाली एक प्रमुख पहल है। इसका उद्देश्य विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक वैज्ञानिक विरासतों से परिचित कराना है, जिससे छात्रों में आत्मविश्वास, टीम वर्क और व्यावहारिक ज्ञान विकसित हो।
कार्यक्रम का वीडियो यहां देखें
इसी क्रम में टिहरी जिले के पीएम श्री माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 और कक्षा 11 के 59 टॉपर छात्र-छात्राओं का दल पांच एस्कॉर्ट टीचर्स के साथ हैदराबाद के लिए रवाना हुआ है। जनपद के विभिन्न पीएम श्री विद्यालयों से चयनित छात्र छात्राएं सुबह करीब 10:00 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे, जहां जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल और मुख्य शिक्षा अधिकारी वीपी सिंह ने भ्रमण दल में शामिल विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें हरी झंडी दिखाकर हैदराबाद के लिए रवाना किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों के साथ अपने छात्र जीवन के अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष उदय रावत ने पीएम श्री योजना को शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताते हुए छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी बीपी सिंह ने कहा है कि जनपद के चयनित छात्र-छात्राएं 9 फरवरी तक हैदराबाद के विभिन्न स्थानों का भ्रमण करेंगे और सभी विद्यार्थी भ्रमण रिपोर्ट तैयार करेंगे जिनमें से सर्वश्रेष्ठ रिपोर्ट तैयार करने वाले छात्र-छात्रा को पुरस्कृत किया जाएगा। भ्रमण दल में शामिल सभी विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखा गया है।

Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।