दुःखद खबर- जीबी पंत प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी के बीटेक के छात्र ने उठाया आत्मघाती कदम, क्षेत्र में शोक की लहर
उत्तराखंड के पौड़ी जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। जीबी पंत प्रौद्योगिकी संस्थान, घुड़दौड़ी के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में शोक की लहर है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, पौड़ी जिले के गहड़ निवासी एवं वर्तमान में ब्लॉक रोड पर रहने वाले 18 वर्षीय ओम सिंह नेगी बुधवार को घर पर अकेले थे। इसी दौरान उन्होंने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य बाजार गए हुए थे। परिजनों के लौटने पर घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और परिजन ओम को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतक ओम सिंह नेगी अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता चंडीगढ़ स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और इन दिनों घर आए हुए थे, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। उनकी एक बड़ी बहन भी है, जो वर्तमान में पढ़ाई कर रही है। पौड़ी कोतवाली पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि छात्र की आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।