Annual Day celebration: पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज ज़ाखणीधार में कल आयोजित होगा वार्षिकोत्सव और पूर्वछात्र सम्मेलन, कार्यक्रम को लेकर छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह
टिहरी जिले के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज ज़ाखणीधार में बृहस्पतिवार को वार्षिकोत्सव एवं पूर्वछात्र सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर विद्यालय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई है। छात्र और शिक्षक कार्यक्रम को लेकर उत्साहित हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव नेगी ने कहा है कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत गतवर्ष की भांति वार्षिकोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस कार्य के लिए विद्यालय में विभिन्न समितियां गठित कर उन्हें उत्तरदायित्व सौंपे गए हैं। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम और नवाचारों का भी प्रस्तुतिकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के संयोजक प्रवक्ता सुशील डोभाल ने कहा है कि इस कार्यक्रम के साथ भूतपूर्व छात्रों का सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है। विद्यालय की वेबसाइट पर पूर्व छात्रों के पंजीकरण का विकल्प दिया गया है, जिसके माध्यम से अभी तक दर्जनों पूर्व छात्र-छात्राएं एक बार फिर विद्यालय से जुड़ चुके हैं। पूर्वछात्रों को विद्यालय की मुख्यधारा से जोड़कर विद्यालय विकास में उनका सहयोग लिया जाएगा। वार्षिक उत्सव और पूर्वछात्र सम्मेलन के साथ ही विद्यालय में रंगोत्सव 2026 का भी आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख ज़ाखणीधार राजेश नौटियाल प्रतिभाग करेंगे जबकि मुख्य शिक्षा अधिकारी श्रीमती कमला बड़वाल विशिष्ट अतिथि होंगी। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक वीपी सिंह, जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा, डायट प्राचार्य और खंड शिक्षा अधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि, पूर्व छात्र तथा अभिभावक प्रतिभाग करेंगे।



Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।