केतन हत्याकांड में दो और गिरफ्तार, कुल 4 आरोपी पुलिस के शिकंजे में, होगी सख्त कार्यवाही, हत्याकांड को लेकर आमलोगों में भारी आक्रोश
🔶 थाना लंबगांव क्षेत्र में दलित युवक की हत्या के संबंध में पंजीकृत अभियोग मु0अ0सं0-09/2026, धारा 103(1)/3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत दर्ज मुकदमे में टिहरी पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। *प्रकरण में अब तक कुल 04 अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा चुकी है, जिनमें से 02 अभियुक्तों को आज गिरफ्तार किया गया है।*
🔷 घटना की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे द्वारा मामले का तत्काल संज्ञान लिया गया तथा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक विवेचना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांच क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई। SSP श्वेता चौबे स्वयं प्रकरण की लगातार निगरानी एवं पर्यवेक्षण कर रही हैं तथा विवेचना के प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
🔶 विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण एवं गहन पूछताछ के आधार पर फरार चल रहे तीसरे अभियुक्त सचिन पंवार पुत्र प्यार सिंह पंवार, उम्र 27 वर्ष, निवासी खोलगढ़ वल्ला, तहसील प्रतापनगर, थाना लंबगांव को आज प्रातः लगभग 08:30 बजे चौंधार तिराहा लंबगांव से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन का चालक बताया गया है।
🔷 इसी क्रम में चौथे अभियुक्त सुमित प्रसाद पुत्र सुरेशानन्द, निवासी ग्राम धान्यो, मयाली, थाना अगस्त्यमुनि, जनपद रुद्रप्रयाग, उम्र 21 वर्ष को भी गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त मुख्य आरोपी यशवीर सिंह पंवार के साथ जेसीबी मशीन पर कार्य करता था तथा खोलगढ़ स्थित उसके मकान में किराये पर रह रहा था। पुलिस टीम द्वारा उसे उक्त मकान से रात्रि लगभग 10:15 बजे गिरफ्तार किया गया।
🔶 विवेचना के दौरान दोनों अभियुक्तों की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
🔷 SSP श्वेता चौबे के निर्देशानुसार मामले की जांच को वैज्ञानिक एवं तथ्यपरक बनाने के लिए दिनांक 10 जून 2026 को विशेषज्ञ फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए हैं, जिनका परीक्षण कर विवेचना को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रमाणिक बनाया जा रहा है।
🔶 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा विवेचना के दौरान जो भी तथ्य एवं साक्ष्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। टिहरी पुलिस पूरी पारदर्शिता के साथ जांच को आगे बढ़ा रही है।
🔷 जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मामले से संबंधित किसी भी प्रकार की अपुष्ट, भ्रामक अथवा तथ्यहीन सूचनाओं का सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसार न करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें।
पुलिस कार्यालय
टिहरी गढ़वाल

Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।