वर्षों से लंबित मांगों पर शिक्षकों का सरकार को अल्टीमेटम, गैरशैक्षणिक कार्यों के बहिष्कार का किया ऐलान, पांच सितंबर को मनाएंगे काला दिवस
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने गैरशैक्षणिक कार्यों का तत्काल प्रभाव से बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया। तहसील चौक जिला पंचायत सभागार देहरादून में संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में यह निर्णय किया गया। शिक्षकों ने ने एक सुर में कहा कि शिक्षक पढ़ाई कराएं, अपनी टीईटी की तैयारी करें या फिर विभाग को ऑनलाइन रिपोर्ट ही भेजते रहें? यह मुमकिन नहीं है। शिक्षकों पर लगातार अनावश्यक कार्य थोपे जा रहे हैं। अब इन्हें स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही शिक्षकों ने अपनी दस सूत्रीय मांगों के लिए सरकार को अल्टीमेटम दे दिया। 30 अगस्त तक कार्रवाई न होने पर शिक्षक सितंबर में आंदोलन शुरू कर देंगे।
मुख्य मांगें
- शिक्षकों का त्रिस्तरीय कैडर लागू हो
- जूनियर हाई स्कूलों में प्रधानाध्यापक व अंग्रेजी विषय के शिक्षक सहित 5 पदों का सृजन किया जाए
- 17140 वेतन का लाभ ले रहे शिक्षकों से वसूली निरस्त की जाए, पूर्ण सेवाकाल में तीन पदोन्नतियां दी जाएं
- जूनियर हाई स्कूलों में पांचवा पद अंग्रेजी विषय का अनिवार्य रूप से सृजित किया जाए।
- अक्टूबर 2005 से पहले जारी एक ही विज्ञप्ति से नियुक्त सभी शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ मिले
- अंतरजनपदीय तबादला सुविधा, चयन-प्रोन्नत वेतनमान पर एक इंक्रीमेंट
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष विनोद थापा ने कहा कि पांच सितंबर को शिक्षक दिवस को काला दिवस के रूप में मनाया जाएगा। यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है तो सितंबर में मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा का घेराव भी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में टीईटी की अनिवार्यता का मुद्दा भी उठा। शिक्षकों ने सरकार से यूपी की तर्ज पर सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष परीक्षा कराने की मांग की। साथ ही कहा कि शिक्षकों को विशेष वेटेज देते हुए पास होने की अर्हता को 40 प्रतिशत अंक किया जाए। थापा ने बताया कि गैरशैक्षणिक कार्यों में संकुल स्तर पर होने वाली सभी बैठकों और ऑनलाइन कार्य, मसलन कर्मयोगी व अन्य कोई प्रशिक्षण आदि नहीं किया जाएगा। आगे भविष्य में यदि चुनाव ड्यूटी का भी बहिष्कार किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश महामंत्री जगबीर सिंह खरोला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमेश सिंह चौहान, मनोज शाह, पुष्कर सिंह, सुरेंद्र सिंह चौहान, सुरक्षा चौहान, बाबूराम, उम्मेद सिंह नेगी, सतीश घिल्डियाल आदि मौजूद रहे।



Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।