उत्तराखंड: चमोली में रेलिंग से लटके मिले इंटर कॉलेज के छात्र और छात्रा के शव, क्षेत्र में शोक की लहर
उत्तराखंड के चमोली जिले के विकासखंड नंदानगर के रामणी गांव में एक किशोरी और किशोर के शव रेलिंग से लटके मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ये दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। घटना के बाद दोनों के घरों और गांव में मातम छाया हुआ है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
मंगलवार की सुबह चमोली जनपद के विकासखंड नंदानगर के रामणी गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पास स्थित मेला मैदान के मंच की रेलिंग से एक छात्र और छात्रा के शव फंदे से लटके मिले। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण छानी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रामलीला मंच के पीछे रेलिंग से लटके दोनों शवों पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल ग्राम प्रधान और समीप की दुकान के संचालक को इसकी सूचना दी। गांव में जिसने भी किशोर और किशोरी के शव मिलने की खबर सुनी वह घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। दोनों मृतकों के परिजनों को यह सूचना मिली तो उनके घरों में कोहराम मच गया।
दोनों 11 और 12वीं के थे छात्र
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार, रामणी गांव निवासी कक्षा 12 का छात्र और कक्षा 11 में पढ़ने वाली एक छात्रा का शव फंदे से लटका मिला है। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन वास्तविक कारणों की जानकारी किसी को भी नहीं है। ये दोनों राजकीय इंटर कॉलेज बूरा में अध्ययनरत बताए जा रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही
ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि मामले कि सूचना पर नंदानगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों और कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, एसआई थाना नंदानगर मनोज भट्ट के अनुसार, प्रथम दृष्टया में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृत किशोर की उम्र 17 वर्ष और किशोरी की उम्र लगभग 16 वर्ष है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।