Himwant Live: नई टिहरी: छात्र संघ चुनाव- छात्रों के दो गुटों में झड़प, कोतवाली में पहुंचकर किया हंगामा, एक दुकानदार घायल
पीजी कॉलेज नई टिहरी छात्र संघ चुनाव संपन्न होने के बाद छात्रों के दो गुटों में आपस में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान एक दुकानदार घायल हो गया। जिला अस्पताल बौराड़ी में उसे उपचार के लिए भर्ती किया गया है। छात्रों के दोनों गुटों ने कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
विडियो हो रहा है वायरल
इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत के सरकारी आवास का घेराव कर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्र संघ चुनाव संपन्न होने के बाद देर शाम विजय प्रत्याशियों के समर्थक बौराड़ी में विजय जुलूस निकल रहे थे। इसी दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और सत्यमेव जयते छात्र संगठन से जुड़े दोनों गुटों में आपस में भिड़ंत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह छात्रों के दोनों गुटों को अलग-अलग किया।
बताया जा रहा है इस दौरान कुछ छात्रों ने बौराड़ी में एक दुकानदार राजू की पिटाई कर दी। वह दुकान बंद कर घर को लौट रहा था। उसके सिर पर चोट आई है और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। बाद में छात्रों के दोनों गुट कोतवाली पहुंच गये। उन्होंने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस उपाधीक्षक चंद्र मोहन सिंह का कहना है कि छात्रों के बीच हुई मारपीट की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जायेगी।
Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।