Census 2027: तपती धूप में जनगणना का काम शिक्षकों पर पड़ा रहा है भारी, स्कूल समय के बाद भीषण गर्मी में शिक्षक कैसे करेंगे मकानसूचीकरण, भगवान भरोसे है शिक्षकों की सेहत और सुरक्षा
![]() |
| दोपहर की भीषण गर्मी और लू के बीच भवन गणना और मकानसूचीकरण |
जनगणना ड्यूटी में लगे शिक्षकों को दो बजे तक स्कूलों में शिक्षण करने के बाद भवन गणना और मकानसूचीकरण के कार्य के लिए दोपहर की भीषण गर्मी में हीटस्ट्रोक यानी लू के बीच गणना क्षेत्रों में जाना भारी पड़ रहा है। रोज कई शिक्षकों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। जिससे शिक्षकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
भारत जनगणना-2027 की ड्यूटी को लेकर शिक्षकों में रोष है। राजधानी देहरादून में रविवार को शिक्षकों के विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर शासन के आदेशों का पुरजोर विरोध किया। रेसकोर्स स्थित पदम सिंह शिक्षक भवन में राजकीय शिक्षक संघ, जूनियर शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ और अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई।
25 अप्रैल से जनगणना के प्रथम चरण का कार्य शुरू हो चुका है। प्रथम चरण में भवन गणना और मकानसूचीकरण का कार्य संपन्न होना है। उत्तराखंड में यह कार्य प्राथमिक, जूनियर और माध्यमिक शिक्षकों को सौंपा गया है। किंतु शिक्षकों को उच्चाधिकारियों द्वारा स्कूल में अपना मौलिक कार्य संपन्न करने और स्कूल समय के बाद ही गणना क्षेत्रों में जाकर सौंपा गया कार्य करने के निर्देश दिए जाने से जहां शिक्षकों के लिए कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है वहीं दोपहर के समय गणना क्षेत्रों में जाकर काम कर पाना व्यवहारिक दृष्टिकोण से भी बहुत कठिन हो रहा है।
शिक्षकों का कहना है कि स्कूल समय के बाद हीटस्ट्रोक यानी लू के बीच गणना क्षेत्रों में जाना और काम करना जोखिमपूर्ण है। कई शिक्षकों का गर्मी से स्वास्थ्य बिगड़ रहा है वहीं, स्थानीय निवासी भी इस दौरान गणना की अनुसूचियों को भरवाने में रुचि नहीं ले रहे। खासकर पहाड़ी ग्रामीण क्षेत्रों में बिखरी हुई आवासीय व्यवस्था में गणना करना बेहद कठिन हो रहा है।
राजकीय शिक्षक संघ सहित प्राथमिक और जूनियर शिक्षक संघों द्वारा गणना कार्य में नियुक्त शिक्षकों को गणना अवधि में स्कूलों से कार्यमुक्त करने की मांग की जा रही है, किंतु अधिकारी इस कार्य के लिए शिक्षकों को मानदेय दिए जाने का हवाला देते हुए इसे मौलिक कार्य से अलग मानते हुए स्कूल समय के बाद ही गणना संबंधी कार्य संपन्न करने के निर्देश दे रहे हैं। उधर शिक्षक इस मानदेय को ठुकराने के लिए भी तैयार दिख रहे हैं। अनेक क्षेत्रों में कार्य के दौरान शिक्षकों द्वारा स्वास्थ्य बिगड़ने पर चार्ज अधिकारियों को सूचित किया जा रहा है। बहरहाल भीषण गर्मी में शिक्षकों के लिए स्कूल समय के बाद गणना कार्य करना बेहद मुश्किल साबित हो रहा है।


इस मुद्दे पर अपनी राय यहां कमेंट करें।
ReplyDelete