Uttrakhand Transfer Act: स्थानांतरण के लिए तय समय सारणी में शासन ने की 20 दिनों को बढ़ौतरी, अब 30 जून तक होंगे ट्रांसफर ऑर्डर जारी, शिक्षकों की ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू करने पर अभी भी असमंजस
उत्तराखंड शासन ने वार्षिक स्थानान्तरण अधिनियम, 2017 के अंतर्गत वर्तमान स्थानान्तरण सत्र के लिए समय सारिणी के संबंध में एक बार फिर गाइडलाइन जारी करते हुए स्थानांतरण प्रक्रिया की सभी गतिविधियों के लिए 20 दिन की अभिवृद्धि की है। नए निर्देशों के अनुसार अब ट्रांसफर आदेश जारी करने की अंतिम तिथि 10 जून के स्थान पर 30 जून निर्धारित की गई है। उधर शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
उत्तराखंड शासन की ओर से अपर सचिव गिरधारी सिंह रावत ने जारी निर्देशों में कहा है कि कार्मिक एवं सतर्कता विभाग, उत्तराखण्ड शासन के शासनादेश संख्या 385025/XXX(2)/2026 E-20917, दिनांक 06.04.2026 द्वारा उत्तराखण्ड लोक सेवकों के लिए वार्षिक स्थानान्तरण अधिनियम, 2017 के सन्दर्भ में वर्तमान स्थानान्तरण सत्र 2026-27 हेतु उक्त अधिनियम की धारा-23 में निर्धारित समय सारिणी के अनुसार स्थानान्तरण की कार्यवाही करने के निर्देश है।
उक्त के संबंध में सम्यक् विचारोपरान्त मुझे यह कहने का निदेश हुआ है कि स्थानान्तरण सत्र 2026-27 में उत्तराखण्ड लोक सेवकों के लिए वार्षिक स्थानांतरण अधिनियम, 2017 की धारा-23 में स्थानान्तरण हेतु निर्धारित समय सारिणी में 20 दिनों की अभिवृद्धि करते हुए, सक्षम प्राधिकारी द्वारा स्थानान्तरण आदेश निर्गत करने की अन्तिम तिथि 10 जून के स्थान पर 30 जून किये जाने का निर्णय लिया गया है। समय सारिणी में उक्तानुसार 20 दिन की अभिवृद्धि किये जाने पर, समय सारिणी की अन्य कार्यवाहियों में भी तद्नुसार 20 दिन की वृद्धि की जाती है। इस आदेश के निर्गत होने की तिथि के उपरांत जो भी कार्यवाहियाँ इस परिधि में आयें, उसके अनुसार अग्रेत्तर कार्यवाही संपादित की जाय। अतः इस संबंध में उपरोक्तानुसार अपने अग्रेत्तर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का कष्ट करें।
दूसरी ओर विद्यालयी शिक्षा विभाग में अभी तक शिक्षकों के लिए अनुरोध के आधार पर ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू किए जाने पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। शासन के मुताबित शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए विभागाध्यक्ष को अलग से निर्देश जारी किये गये है जबकि विभाग द्वारा ऐसे निर्देश अभी तक प्राप्त न होने की बात कही जा रही है। इन परिस्थितियों में शिक्षकों में ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू किए जाने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
![]() |
| विज्ञापन |



Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।