राजकीय इंटर कॉलेज कीर्तिनगर में हर्षोल्लास एवं सेवा भावना के साथ मनाया गया शहीद श्री देव सुमन दिवस, श्रीदेव सुमन के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
![]() |
| छात्रों के साथ वृक्षारोपण करते हुए कार्यक्रम अधिकारी कमलेश चन्द्र जोशी |
राजकीय इंटर कॉलेज कीर्तिनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना के नियमित गतिविधि दिवस (Regular Activity Day) के रूप में शहीद श्री देव सुमन दिवस श्रद्धा, उत्साह एवं जनसेवा की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, बौद्धिक सत्र तथा निबंध प्रतियोगिता सहित विभिन्न रचनात्मक एवं समाजोपयोगी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ शहीद श्रीदेव सुमन के चित्र पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. यशवंत नेगी, कार्यक्रम अधिकारी कमलेश चन्द्र जोशी, समस्त शिक्षकगण एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत आयोजित बौद्धिक सत्र में कार्यक्रम अधिकारी कमलेश चन्द्र जोशी एवं प्रधानाचार्य डॉ. यशवंत नेगी ने विद्यार्थियों को शहीद श्रीदेव सुमन के त्याग, बलिदान, राष्ट्रप्रेम तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से श्री देव सुमन के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता संगीता सिंह ने विद्यार्थियों को सामुदायिक सहभागिता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रेरक विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक संवेदनशीलता का विकास करना है।
बौद्धिक सत्र के समापन पर राष्ट्रीय सेवा योजना के 'बी' प्रमाण-पत्र परीक्षा उत्तीर्ण 17 तथा 'सी' प्रमाण-पत्र परीक्षा उत्तीर्ण 13 स्वयंसेवियों को विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. यशवंत नेगी द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी समाजसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाते हुए खरपतवार एवं झाड़ियों की सफाई की। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार पौधों का रोपण किया गया। स्वयंसेवियों ने स्वच्छ एवं हरित परिसर बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के समापन पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में स्वयंसेवियों एवं अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण वीरेन्द्र प्रसाद भट्ट, प्रियतम सिंह नेगी, त्रिलोक भंडारी, प्रकाश भंडारी, रविन्द्र रावत, संदीप मैठाणी, संजय पाल सिंह बिष्ट, मंजू खत्री एवं अंजू ध्यानी सहित समस्त कार्यालय कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने शहीद श्रीदेव सुमन के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।



Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।