कार्यक्रम के प्रथम सत्र में खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. यशवंत सिंह नेगी ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने तथा उन्हें व्यवहार में उतारने का अवसर प्रदान करती है। विद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी कमलेश चंद्र जोशी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, उद्देश्यों एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवियों को निःस्वार्थ सेवा, अनुशासन, नेतृत्व एवं सामाजिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कक्षा 12 'ब' के छात्र शिवम बडोनी तथा कक्षा 12 की छात्रा कुमारी प्रियंका ने भी राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास एवं उसके उद्देश्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। दोनों विद्यार्थियों ने NSS के माध्यम से युवाओं में सेवा भावना एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी विकसित होने की बात कही। इसके पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवियों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के बौद्धिक सत्र में विद्यालय के प्रवक्ता श्री मनोज कुमार ने स्वयंसेवियों को नैतिकता के महत्व पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। द्वितीय सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ प्रवक्ता श्री रमाशंकर विश्वकर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों द्वारा विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सहायक अध्यापिका श्रीमती अंजू धौनी द्वारा राष्ट्रीय एकता की भावना से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत किया गया। गीत ने कार्यक्रम में राष्ट्रप्रेम एवं एकता का भाव और अधिक प्रबल कर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक अध्यापक श्री संदीप मैठाणी ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस का यह आयोजन स्वयंसेवियों में सेवा, स्वच्छता, नैतिकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने वाला प्रेरणादायी कार्यक्रम रहा।

Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।