उत्तराखंड कलेक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ टिहरी गढ़वाल ने लंबित मांगों के निराकरण को लेकर किया एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन, मुख्यालय सहित जनपद के समस्त तहसीलों एवं उप जिलाधिकारी कार्यालयों में गरजे मिनिस्ट्रियल कर्मचारी, शासन को भेजा ज्ञापन
Himwant Live:
![]() |
| कलेक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ टिहरी गढ़वाल, धरना प्रदर्शन |
नई टिहरी, 17 अक्टूबर। उत्तराखंड कलेक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज जनपद शाखा टिहरी गढ़वाल द्वारा एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस दौरान जहाँ जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद के कलेक्ट्रेट कार्मिकों ने धरना-प्रदर्शन किया, वहीं जनपद की समस्त तहसीलों एवं उप जिलाधिकारी कार्यालयों में तैनात कार्मिकों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में धरना देकर संगठन की लंबित मांगों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
देखें वीडियो
जिला मुख्यालय में आयोजित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अनिल द्वारा की गई। कार्यक्रम का संचालन उत्तराखंड कलेक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ, जनपद शाखा देहरादून के सचिव रघुवीर सिंह रावत ने किया।
इस अवसर पर ममता उनियाल, किरण, यौवन कांतिमान, प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र नौटियाल, त्रिभुवन खंडेलवाल सहित अन्य कार्मिकों ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित किया। इस दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी केशव गैरोला ने सभा को संबोधित करते हुए संगठन की मांगों, उनके वर्तमान स्वरूप तथा प्रस्तावित आंदोलनात्मक कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कार्मिकों से संगठन की मांगों के प्रति एकजुटता बनाए रखने तथा निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने संगठन की लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में जनपद शाखा कार्यकारिणी के माध्यम से कर्मचारियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन शासन को जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया गया। उत्तराखंड कलेक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ, जनपद शाखा टिहरी गढ़वाल ने आशा व्यक्त की कि शासन स्तर पर संगठन की मांगों पर सकारात्मक एवं समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।