Census 2027: टिहरी जिले में जनगणना के द्वितीय चरण के लिए फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण हुआ आरम्भ,
Himwant Live:
![]() |
| क्रीडा भवन में 42 फिल्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुरू |
Read more...
कलेक्ट्रेट स्थित क्रीडा भवन के सभागार में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को आरंभ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न चार्ज क्षेत्र के कुल 42 फील्ड ट्रेनर्स 16 अक्टूबर तक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और शीघ्र ही प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण का विधिवत शुभारंभ प्रमुख जनगणना अधिकारी और जिलाधिकारी नीतिका खंडवाल और अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने किया। इस अवसर पर प्रमुख जनगणना अधिकारी नीतिका खंडवाल ने फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रथम चरण के लिए दिए गए प्रशिक्षण और प्रथम चरण के कार्यों की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का खूब मनोबल बढ़ाया। एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने जनगणना 2027 के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए कहा कि यह देश की 16वीं जनगणना और स्वतंत्रता के बाद 8वीं जनगणना है, जो भारत के इतिहास में पहली बार पूरी तरह से डिजिटल रूप में आयोजित की जा रही है। इस चरण में प्रत्येक व्यक्ति से नाम, उम्र, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, प्रवास (Migration), और दिव्यांगता से जुड़े 40 विस्तृत सवाल पूछे जाएंगे।
![]() |
| प्रमुख जनगणना अधिकारी और जिलाधिकारी नीतिका खंडवाल |
प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन प्रतिभागियों के पंजीकरण के साथ सत्र का आरंभ हुआ। इस दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी केशव गैरोला ने प्रतिभागी फील्ड ट्रेनर्स का गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए उन्हें प्रशासनिक स्तर पर अपना पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर पंकज सिंह और धारा सिंह ने जनगणना के द्वितीय चरण की डेटलाइन, स्व-गणना, PE App registration, census matrix, विशिष्ट चार्ज, गणना ब्लॉक, संक्षिप्त मकान सूची, लेआउट मैप, जनगणना अनुसूची में प्रश्न संख्या 1 से 10 तक पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जय राम कुशवाहा, सुशील डोभाल, चंदन सिंह असवाल, ज्ञानू गमाल, प्रीतम सिंह नेगी, अतुल नौटियाल, मोहित पुरोहित, कुलभूषण, विनोद सेंसवाल, दिवाकर प्रसाद अन्थवाल, मुकेश बहुगुणा, रमा रतूडी, आलोक नौटियाल, तुषार सैनी आदि फील्ड ट्रेनर मौजूद रहे।




Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।