छात्रा से मारपीट के मामले में जांच समिति की रिपोर्ट पर अतिथि शिक्षिका का अनुबंध हुआ समाप्त, जिलाधिकारी ने स्वयं स्कूल पहुंच कर ली पूरे प्रकरण की जानकारी
अल्मोड़ा जिले के एक राजकीय इंटर कॉलेज में छात्रा को अतिथि शिक्षिका द्वारा पीटने के सामने आए मामले में प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। विद्यालय में अतिथि शिक्षिका द्वारा छात्रा की कथित पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अतिथि शिक्षिका का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने स्वयं स्कूल पहुंच कर ली जानकारी
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कॉलेज पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य से घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद संबंधित छात्रा के माता-पिता से मुलाकात कर उनका पक्ष भी जाना। जिलाधिकारी ने स्कूल के अन्य छात्र-छात्राओं से बातचीत कर घटना से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में जानकारी हासिल की।
जांच समिति की रिपोर्ट पर हुई बड़ी कार्यवाही
मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा और उप खंड शिक्षा अधिकारी धौलादेवी की संयुक्त समिति बनाई गई थी। समिति ने प्रकरण की जांच के बाद अपनी रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी। रिपोर्ट में संबंधित अतिथि शिक्षिका की सेवा समाप्त करने की संस्तुति की गई थी। इसी के आधार पर उनका अनुबंध समाप्त कर उन्हें विद्यालय की सेवा से हटा दिया गया है।
महिला आयोग सदस्य ने भी जताई थी नाराजगी
मामले को लेकर महिला आयोग की सदस्य धना धौनी ने भी नाराजगी जताई थी। उन्होंने जिलाधिकारी के साथ-साथ महिला आयोग की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सौम्या गर्ब्याल, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता समेत शिक्षा विभाग और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रह
बच्चों को दंड नहीं, संवाद से समझाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों को स्पष्ट संदेश दिया कि अनुशासन बनाए रखने के नाम पर बच्चों के साथ मारपीट या किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को समझने के लिए काउंसलिंग, संवाद और सकारात्मक व्यवहार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। जरूरत पड़ने पर अभिभावकों से संपर्क कर समस्या का समाधान किया जाए।

Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने उपयोगी विचार और सुझाव यहाँ कमेंट करें।